एक सामान्य घर का बिजली का बिल अमूमन ढाई से तीन हजार रुपये का आता है. लेकिन अगर किसी उपभोक्ता के पास घर की बिजली का बिल करोड़ों रुपये का आए तो उसके होश फाख्ता होना लाजिमी है. कुछ ऐसा ही हुआ है बीकानेर जिले के एक शख्स के साथ. उसके पास जनवरी के महीने का बिजली का बिल 29 करोड़ रुपये से ज्यादा का आया है. बिल देखकर शख्स के होश उड़ गए. वह माथा पकड़कर बैठ गया.
बिजली के बिल को लेकर चौंकाने वाली यह खबर बीकानेर के नोखा से सामने आई है. यहां एक बिजली उपभोक्ता को उसके घर का बिजली विभाग ने 296774905 करोड़ रुपये का बिल भेजा है. उसने बिल को लेकर विद्युत विभाग से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अभी तक उसका संपर्क नहीं हो पाया है. बिजली का यह करोड़ों रुपये का बिल अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है.
उपभोक्ता का बिजली का बिल औसतन 1500 से 2000 रुपये का आता है
जानकारी के अनुसार यह बिल नोखा कस्बे के उत्तरादा बास के उपभोक्ता मोहनलाल रामलाल को भेजा गया है. मोहनलाल के घर का पिछले कई महीनों से एक महीनों से बिजली का बिल महज 1500 से 2000 रुपये तक ही आता रहा है. इस बार जोधपुर डिस्कॉम की ओर से उसे जनवरी महीने का बिल 29 करोड़ से अधिक का भेजा गया है. बिल देखकर रामलाल सन्न रह गया.