राजेश गनोदवाले को मिलेगा वसुंधरा सम्मान, 14 को भव्य कार्यक्रम में होंगे सम्मानित

रायपुर | वसुंधरा एवं श्री चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन शुक्रवार 14 अगस्त को भिलाई के महात्मा गांधी कला मंदिर सभागार भिलाई में किया गया है। इस समारोह में कीर्ति शेष देवीप्रसाद चौबे की स्मृति में स्थापित एवं लोकजागरण के लिए प्रदत्त वसुंधरा सम्मान सुपरिचित पत्रकार,संस्कृतिकर्मी श्री राजेश गनोदवाले को सांस्कृतिक एवं देशज पत्रकारिता में प्रदीर्घ रचनात्मक अवदान के लिए प्रदान किया जाएगा | पत्रकार डा .विश्वेश ठाकरे की अध्यक्षता में प्रसार भारती के पूर्व निदेशक श्री लीलाधर मंडलोई(दिल्ली),श्री सतीश जायसवाल(बिलासपुर ), डॉ वीरेन्द्र मोहन (खैरागढ़),श्री ई. वी. मुरली (रायपुर) वसुंधरा सम्मान के संयोजक विनोद मिश्र, आयोजन समिति के अध्यक्ष डा. अरुण कुमार श्रीवास्तव की निर्णायक समिति के द्वारा लिये गए इस निर्णय की जानकारी सचिव श्वेता उपाध्याय ने मीडिया से सांझा किया है |
निर्णायक समिति ने अपने वक्तव्य में कहा है कि श्री राजेश गनोदवाले सांस्कृतिक पत्रकारिता के लिए समूचे देश में जाने जाते हैं | श्री राजेश गनोदवाले ने सांस्कृतिक सरोकारों तथा कला,संगीत रंगमंच जैसी शास्त्रीय विधाओं के प्रति बेहद संजीदा पत्रकारिता की है |राजेश गनोदवाले की पत्रकारिता तीन दशकों से अधिक समय की है। छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करने का काम वे विगत तीन दशकों से कर रहे हैं ।छत्तीसगढ़ के एक प्रतिष्ठित दैनिक से पत्रकारिता शुरू करने वाले श्री गनोदवाले ने भारत रत्न पं रविशंकर, ज्ञानपीठ सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल,नाट्य निर्देशक हबीब तनवीर,पर बायोग्राफिकल रूपाकार में तथ्यपरक लेखन किया है।उनके लोक अभिरुचि के आठ मोनोग्राफ प्रकाशित हुए हैं। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2010 में चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित राजेश गनोदवाले को प्रतिष्ठित ऋतुराज सम्मान(2000) राष्ट्रीय कला समीक्षा सम्मान (2011)तथा नाट्य लेखन के लिए साहित्य कला परिषद नई दिल्ली का मोहन राकेश राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

विगत वर्षों में स्व. रमेश नैयर,स्व.श्याम लाल चतुर्वेदी, स्व.कुमार साहू, स्व.बसंत कुमार तिवारी, स्व.विनोद शंकर शुक्ल, स्व. शरद कोठरी, स्व.बबन प्रसाद मिश्र, डा.हिमांशु द्विवेदी, दिवाकर मुक्तिबोध, आशा शुक्ला, गिरिजाशंकर, ज्ञान अवस्थी, श्याम वेताल, अभय किशोर,डा.सुशील त्रिवेदी, गिरीश पंकज, स्व .बी.के.एस.रे,प्रकाश दुबे, स्व.तुषार कांति बोस,ई.वी.मुरली, सतीश जायसवाल ,लीलाधर मंडलोई सुधीर सक्सेना ;डा.विश्वेश ठाकरे एवं राहुल देव को वसुंधरा सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *