इंडिगो की फ्लाइट में BSF जवान का हुआ सम्मान, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान साथियों की रक्षा करते हुए हो गए थे घायल

भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया है. जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया. इसके बाद जब पाकिस्तान की तरफ से हमले की कोशिश की गई तो भारतीय सेना ने पड़ोसी देश में हवाई हमले कर उसके 11 सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया. पूरी दुनिया में भारत के इस ऑपरेशन की चर्चा है और पाकिस्तान के आतंक परस्त चेहरे की पोल अब खुल चुकी है.

ऑपरेशन सिंदूर में शामिल एयर वॉरियर्स से मिलने के लिए पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आदमपुर एयरबेस का दौरा किया था. इस दौरान पीएम मोदी ने जवानों का हौसला बढ़ाया और भारत के एयर डिफेंस सिस्टम की सराहना की थी. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू कश्मीर में सीमा से सटे रिहायशी इलाकों पर पाकिस्तान की तरफ से लगातार गोलाबारी की जा रही थी, जिसका सीमा सुरक्षा बलों के जवानों ने माकूल जवाब दिया.

बीएसएफ के ऐसे ही एक वीर जवान को इंडिगो की फ्लाइट में यात्रा के दौरान सम्मानित किया गया है. बीएसएफ ने एक्स पर किए अपने एक पोस्ट में बताया कि 10 जून 2025, इंडिगो दिल्ली-बेंगलुरु के क्रू मेंबर्स की तरफ से बीएसएफ की 165 बटालियन के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर राजप्पा बी.डी. को सम्मानित किया गया. उन्हें ऑपरेशन सिंदूर में दिखाई गई वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और देश के लिए समर्पण की वजह से फ्लाइट में यह सम्मान मिला है.

साथियों की रक्षा के दौरान हुए घायल

एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में फ्लाइट में हो रही अनाउंसमेंट में कहा गया, ‘इस फ्लाइट में एक बेहद खास यात्री का सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है. सात और आठ मई को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर राजप्पा बी.डी. ने जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलाबारी के बीच अपने साथियों की सहायता करते हुए गंभीर रूप से चोट खाई थी. उनके साहसिक काम के लिए हम उनका सम्मान करते हैं.’

BSF जवान के लिए बजीं तालियां

फ्लाइट में इस ऐलान के बाद यात्रियों ने अपनी सीट से खड़े होकर बीएसएफ जवान के लिए तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया और जवाब में राजप्पा बी.डी. ने भी हाथ जोड़कर उसे स्वीकार किया. बीएसएफ ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि बहादुर सीमा प्रहरी को सम्मान देने की इंडिगो की इस पहल के लिए बल उनका आभार व्यक्त करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *