रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को उस वक्त माहौल गमगीन हो उठा जब सुकमा में नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में शहीद हुए एडिशनल एसपी आकाश राव गिरिपुंजे के पार्थिव देह को उनके निवास स्थान लाया गया।

चंगोराभाठा से माना स्थित चौथी वाहिनी तक उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित तमाम वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री समेत सभी नेताओं ने शहीद को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

पंचतत्व में विलीन हुए शहीद आकाश राव गिरिपुंजे
शहीद एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे का महादेवघाट मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। उनके सात साल के बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी, इससे पहले परिजनों ने अंतिम संस्कार की सभी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इस दौरान शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शहीद आकाश राव गिरिपुंजे की शहादत को याद करते हुए लोगों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर, नम आंखों से दी गई सलामी
माना पुलिस बटालियन में आयोजित राजकीय सम्मान समारोह में शहीद आकाश राव को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान मंच पर सन्नाटा और आंखों में आंसू थे। शहीद की पत्नी ने कांपते हुए हाथों से उन्हें सैल्यूट किया।
बेटी के जन्मदिन से पहले मिली शहादत की खबर
शहीद ASP आकाश राव की 6 वर्षीय बेटी नव्या का बुधवार को जन्मदिन था। पूरा परिवार इस दिन को खास बनाने की तैयारियों में जुटा था और आकाश भी सुकमा से घर लौटने वाले थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं, और नव्या को अपने पिता की अंतिम यात्रा देखनी पड़ी।
IED ब्लास्ट में माओवादियों का कायराना हमला
9 जून की सुबह नक्सलियों द्वारा भारत बंद के आह्वान से पहले दहशत फैलाने के लिए खदान में एक JCB में आग लगाई गई थी। सूचना मिलने पर ASP आकाश राव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही वे जली हुई JCB के पास पहुंचे, माओवादियों ने छुपा हुआ IED विस्फोट कर दिया। इस हमले में ASP आकाश राव वीरगति को प्राप्त हुए।
महादेव घाट में अंतिम संस्कार, हर आंख नम
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शहीद की पार्थिव देह को महादेवघाट मुक्तिधाम ले जाया गया, जहां भारी जनसमूह की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शहीद ASP को बेटे ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार से पहले कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा, “आकाश राव का जाना छत्तीसगढ़ ही नहीं, देश के लिए क्षति है। वह हमेशा याद किए जाएंगे।”
देखिए तस्वीरें











