रायपुर: छत्तीसगढ़ की सरकार पुलिस के जरिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की जासूसी करवा रही है। यह आरोप शुक्रवार को चर्चा में आया। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दीपक बैज की जासूसी कर की जा रही है। उनके रायपुर स्थित बंगले के पास से पुलिसकर्मी को रेकी करते हुए पकड़ा गया है। उसके बाद यह बवाल शुक्रवार को विधानसभा में भी उठा। कांग्रेस के सभी 20 विधायक नारेबाजी करने सदन में हंगामा करने की वजह से सस्पेंड भी कर दिए गए।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में लिखा
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार को कौन सा डर सता रहा है कि विपक्ष के नेताओं की जासूसी करवा रही है? रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जी के घर की जासूसी करते हुए एक पुलिस अधिकारी को पकड़ा गया है. यह लोकतंत्र के प्रति भाजपा के अविश्वास का एक और उदाहरण है।

ये है पूरा मामला
छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अवधेश गौतम पर किरंदुल थाना में FIR दर्ज की गई है। उनपर सड़क निर्माण में करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। PMGSY (प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना) विभाग ने उनपर FIR दर्ज करवाई है। वहीं अवधेश गौतम फरार बताए जा रहे हैं।
दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार उनका लोकेशन रायपुर में पीसीसी चीफ दीपक बैज के बंगले के आसपास मिला है। पुलिस की टीम बैज के बंगले के आस-पास तांका-झांकी कर रही थी। बैज के कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मी को घेर लिया तब मामले का पता चला। बैज ने उस पुलिसकर्मी को लताड़ लगाई। अब कांग्रेस इसे लेकर विरोध जता रही है।