यात्रीगण कृपया ध्यान दें: रायपुर से जबलपुर के बीच वंदेभारत ट्रेन जल्द होगी शुरू, 7 घंटे में पूरा होगा सफर

रायपुर। छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश के जबलपुर तक का सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही रेलवे रायपुर से जबलपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने जा रहा है। यह ट्रेन रायपुर से गोंदिया होते हुए जबलपुर तक चलेगी, जिससे दोनों राज्यों के यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

7 घंटे में 410 किमी का सफर

नए शेड्यूल के अनुसार, यह ट्रेन रायपुर से जबलपुर तक का 410 किमी का सफर सिर्फ 7 घंटे में तय करेगी। हाल ही में बनाई गई जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज लाइन के जरिए यह सेवा संभव हो पाई है। वर्तमान में यात्रियों को इस रूट पर केवल अमरकंटक एक्सप्रेस का सहारा लेना पड़ता है, जो कटनी होते हुए लंबा समय लेती है।

रूट और समय सारिणी

सूत्रों के मुताबिक, यह ट्रेन सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होगी।

रायपुर से जबलपुर (अप)

रायपुर: दोपहर 1:20 बजे
दुर्ग: 2:10 बजे
राजनांदगांव: 2:29 बजे
गोंदिया: 3:55 बजे
बालाघाट: 4:29 बजे
नैनपुर: 5:44 बजे
जबलपुर: रात 8:15 बजे

जबलपुर से रायपुर (डाउन)

जबलपुर: सुबह 5:00 बजे
मदन महल: 5:12 बजे
कछपुरा: 5:26 बजे
नैनपुर: 6:49 बजे
बालाघाट: 8:08 बजे
गोंदिया: 9:10 बजे
राजनांदगांव: 10:24 बजे
दुर्ग: 11:12 बजे
रायपुर: 11:55 बजे

इन क्षेत्रों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से रायपुर और जबलपुर के अलावा डोंगरगढ़, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, और घंसौर जैसे इलाकों के यात्रियों को भी लाभ होगा। यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जो यात्रा को तेज और आरामदायक बनाएगी।

रेलवे की तैयारी पूरी

सूत्र बताते हैं कि रेलवे बोर्ड ने पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय से ट्रेन संचालन का शेड्यूल मांगा था, जिसे तैयार कर बोर्ड को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही यह सेवा शुरू हो जाएगी। इस ट्रेन के शुरू होने से रायपुर और जबलपुर के बीच यात्रा न केवल तेज होगी, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। अब सभी को इसकी शुरुआत का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *